जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित सिहोरा तहसील के महगवां केवलारी गांव से लगे बेला ग्राम पंचायत में सोने का विशाल भंडार मिलने की पुष्टि हुई है. वर्षों की मेहनत और सर्वेक्षण के बाद भू वैज्ञानिकों ने इस क्षेत्र की जमीन के नीचे भारी मात्रा में सोने जैसे कीमती धातु की मौजूदगी की संभावना जताई है. वैज्ञानिकों के अनुसार, यह क्षेत्र खनिज संपदा के लिए पहले से ही समृद्ध रहा है, लेकिन अब यहां सोने की खान मिलने के बाद प्रदेश की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है.
यह जानकारी तब सामने आई, जब जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और अन्य भूवैज्ञानिक विशेषज्ञों की एक टीम ने इस क्षेत्र में महीनों की मेहनत और सैंपलिंग के बाद शोध रिपोर्ट तैयार की. जांच के दौरान ग्राम बेला और बिनैका के बीच की जमीन में खुदाई कर सैंपल लिए गए, जिनमें सोने के कणों की मौजूदगी मिली. पुष्टि होने के बाद सरकारी विभागों ने वहां एक पिट लगाकर संबंधित विवरण दर्ज कर दिए हैं.