मध्यप्रदेश में कटनी जिले के झिंझरी स्थित दद्दाधाम में चल रहे देव प्रभाकर शास्त्री 'दद्दाजी' के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान लगे मेले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है। मेले में लगे एक झूले पर झूल रही 22 वर्षीय युवती के लंबे बाल झूले की मशीन में फंस गए जिससे खिंचाव के कारण उसके सिर की पूरी चमड़ी बालों समेत उखड़ गई है। हादसे में घायल युवती की पहचान तिलक कॉलेज रोड निवासी साक्षी गोस्वामी 22 वर्ष के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, साक्षी अपने परिजनों के साथ दद्दा धाम में दर्शन करने आई थी। लौटते समय वह अपनी बहन शिखा के साथ मेला घूमने लगी और दोनों एक झूले पर बैठ गईं। इसी दौरान साक्षी गोस्वामी के लंबे बाल झूले की मशीन के पेंच में फंस गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, पलक झपकते ही तेज खिंचाव से साक्षी के सिर की पूरी चमड़ी बालों समेत उखड़कर अलग हो गई। यह भयावह मंजर देख मेले में चीख-पुकार मच गई।