दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद जबलपुर रेलवे स्टेशन पर वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22177 में बम की धमकी का मैसेज फैलने से हड़कंप मच गया. ट्रेन के टॉयलेट की दीवार पर सफेद चॉक से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ लिखा मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही ट्रेन को जबलपुर स्टेशन पर रोककर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई. 

जानकारी के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब ट्रेन के कोच में सफाई के दौरान कर्मचारियों ने टॉयलेट की दीवार पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ लिखा देखा. कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी और आरपीएफ को दी. मामला दिल्ली धमाके के बाद का होने से पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और उच्च अधिकारियों को सूचित किया. कुछ ही देर में यह सूचना वॉट्सऐप ग्रुप्स के माध्यम से वायरल हो गई, जिसके बाद सभी रेलवे जोनों में सतर्कता बढ़ा दी गई.जीआरपी ने बताया कि वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस में बम की धमकी का मैसेज मिलने के बाद जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. यह शरारती तत्वों की हरकत लगती है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और साइबर टीम मैसेज वायरल करने वाले स्रोत का पता लगा रही है.