NDA में सीटों पर घमासान, चिराग पासवान ने रखी सम्मानजनक हिस्सेदारी की शर्त
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर हलचल तेज है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने साफ कर दिया कि उनके लिए सीटों की संख्या से ज्यादा क्वालिटी मायने रखती है। उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि कितनी सीटों पर लड़ना है, लेकिन असल मायने उन सीटों का है जिन्हें मैं 100 प्रतिशत जीतकर गठबंधन को दे सकूं।'
चिराग को 100 परसेंट स्ट्राइक रेट पर भरोसा
चिराग पासवान ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में कहा कि वे लोकसभा की तरह ही विधानसभा चुनाव में भी शत प्रतिशत स्ट्राइक रेट देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'लोकसभा में 100 परसेंट था… विधानसभा में भी वही स्ट्राइक रेट रखना चाहता हूं। मेरे लिए दो सीटें कम-ज्यादा मायने नहीं रखतीं, लेकिन मायने रखती हैं वो सीटें जिन पर जीत पक्की हो।'
लोकसभा चुनाव का जिक्र
गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी को पांच सीटें मिली थीं और सभी पर उनकी जीत हुई थी। खुद चिराग पासवान भी विजयी हुए थे। यही वजह है कि वे बार-बार अपने 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट की मिसाल देते हैं। अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे पर उनकी यह शर्त किस हद तक असर डालती है।
एनडीए के अंदर सीट बंटवारे की चर्चा
बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों को लेकर एनडीए में पांच दलों के बीच बातचीत जारी है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल जो फॉर्मूला बन रहा है, उसके अनुसार जेडीयू को 102-103, बीजेपी को 101-102, एलजेपी (रामविलास) को 25-28, जीतन राम मांझी की हम पार्टी को 6-7 और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम को 4-5 सीटें मिल सकती हैं।
अमित शाह और नीतीश की मुलाकात के बाद अटकलें तेज
बीते गुरुवार (18 सितंबर) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात हुई थी। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला जल्द सामने आ सकता है। ऐसे में चिराग पासवान की शर्त एनडीए की रणनीति को और पेचीदा बना सकती है।
राशिफल 26 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
नाबालिग के साथ मारपीट के आरोप, आरोपियों पर केस दर्ज
AAP में अंदरूनी कलह बढ़ी, पार्टी की दिशा को लेकर विश्लेषकों की चिंता
साडा अध्यक्ष पद के लिए अशोक शर्मा का नाम चर्चा में
श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक 30 को बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय
बंगाल में कानून-व्यवस्था पर घमासान, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप
विधानसभा-1 के वार्ड 9 से अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी पर जोर