गांव पहुंचते ही उमड़ा जनसैलाब, निशांत कुमार ने पूर्वजों को किया नमन
पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद निशांत कुमार पहली बार अपने पैतृक गांव कल्याण विगहा पहुंचे। इस दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। भारी सुरक्षा घेरे के बीच दोपहर करीब 3:30 बजे निशांत कुमार का काफिला गांव की सीमा में दाखिल हुआ। सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
पूर्वजों की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि
कल्याण विगहा पहुंचने के बाद निशांत कुमार सीधे 'रामलखन सिंह वाटिका' गए। वहां उन्होंने अपने दादा स्वर्गीय रामलखन सिंह, दादी परमेश्वरी देवी और माता स्वर्गीय मंजू सिंह की आदमकद प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे काफी भावुक नजर आए। वाटिका में नमन करने के बाद उन्होंने गांव के देवी स्थान में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
नारों से गूंजा कल्याण विगहा
निशांत कुमार के आगमन को लेकर रामलखन सिंह वाटिका और आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही तैयारी पूरी कर ली गई थी। स्वागत में जुटे कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर था। समर्थकों ने 'निशांत कुमार जिंदाबाद' और 'बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत भैया जैसा हो' जैसे नारे लगाए। इन नारों ने राजनीतिक गलियारों में उनके भविष्य की नई चर्चाओं को जन्म दिया।
अपनों के बीच सहज अंदाज
धार्मिक अनुष्ठान और पुष्पांजलि के बाद निशांत कुमार अपने पैतृक आवास पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात की और लोगों की बातें सुनीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और सभी के बीच सहज अंदाज में नजर आए। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
निशांत कुमार का संदेश
इस अवसर पर निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार के लिए 20 साल में जो विकास किया है, वह उसे आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि आज यहां कई विधायक भी मौजूद हैं और सभी एक परिवार की तरह हैं। उन्होंने दादा-दादी और मां का आशीर्वाद लेने के बाद जनता के दिल को जीतने के लिए कड़ी मेहनत करने का संकल्प लिया। इसके बाद निशांत कुमार का काफिला इंडोर शूटिंग रेंज पहुँचा, जहां वह निशाना लगाते हुए भी नजर आए। जदयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार का यह पहला दौरा उनके राजनीतिक भविष्य और क्षेत्र में पकड़ मजबूत करने का संकेत माना जा रहा है।
विश्व में हनुमान मंदिरों की यात्रा, चमत्कारिक अनुभव
Rahul Gandhi ने सरकार को घेरा, सरकारी इमारतों में चीनी कैमरों पर चिंता
ममता बनर्जी का बड़ा बयान: जांच एजेंसी की कार्रवाई पर उठाए सवाल
वैश्विक अलर्ट, 23 देशों में नया कोरोना स्ट्रेन फैल चुका
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर भारी सफलता, DGP बोले- अब खतरा नहीं
CMHO की बढ़ी मुश्किलें, फर्जी भुगतान का मामला उजागर
IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स की ओपनिंग स्ट्रेटेजी पर सवाल
विजय का मेगा प्लान: पुदुचेरी में फ्री बिजली और 25 लाख बीमा देने का वादा
अमेरिका के भारी हमलों के बावजूद ईरान की मजबूती बरकरार, क्या है राज?
पति-पत्नी के झगड़े में खतरनाक मोड़, बेटियों ने दिखाई बहादुरी