राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को हुई हल्की बूंदाबांदी के साथ बह रही ठंडी हवा ने तापमान गिरा दिया है। वहीं रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने के बाद धूप निकली, कनकनी रहने के कारण लोग घर से कम ही बाहर निकले।

22 और 23 जनवरी को घना कोहरा 

लेकिन 22 और 23 जनवरी को राज्य में कई स्थानों पर मध्यम से लेकर घना कोहरा हो सकता है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है। हालांकि धूप खिलने के बाद राहत मिलेगी और तापमान बढ़ेगा, अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास हो सकता है।

22 और 23 जनवरी को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि

22 और 23 जनवरी को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि ही सकती है। पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो कोल्हान क्षेत्र में अच्छी वर्षा रिकार्ड की गई। सबसे अधिक 26 मिमी वर्षा जगन्नाथपुर में हुई। वहीं सिमडेगा में 20 मिमी वर्षा हुई।

छाए रहेंगे आंशिक बादल 

22 और 23 जनवरी को बादल छंटने के बाद ठंड बढ़ने की आशंका है। अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंड हवा ने कनकनी बढ़ाई है। फिलहाल ऐसी स्थिति बनी रहेगी। राज्य के कुछ हिस्से में हो रही वर्षा से वायुमंडल में नमी बनी है।

साथ ही कोहरे के असर के कारण ठंड का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बताया कि फिलहाल राजधानी समेत पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा।